यूपी

FamilyTragedy : पूर्व IAS अधिकारी के बेटे ने की आत्महत्या…! बेरोजगारी को लेकर पति-पत्नी में चल रहा था विवाद

कमरे में मिला युवक का शव, सुसाइड नोट नहीं मिला

प्रयागराज, 14 जनवरी। FamilyTragedy : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। धूमनगंज थाना क्षेत्र के जेपी नगर, सुलेमसराय में रहने वाले 22 वर्षीय हिमांशु ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हिमांशु स्नातक का छात्र था और वह सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्रीचंद्र का छोटा बेटा बताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची धूमनगंज पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रेम विवाह के बाद तनाव की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हिमांशु ने करीब दो महीने पहले शिवानी नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि बेरोजगारी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पारिवारिक तनाव के चलते हिमांशु मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया।

घर में पसरा मातम

घटना के बाद से घर में शोक का माहौल है। मां निर्मला देवी, पत्नी शिवानी और बड़े भाई सुधांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि घटना के समय हिमांशु के पिता घर पर मौजूद नहीं थे।

सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस के अनुसार कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों से पूछताछ में पारिवारिक तनाव की बात सामने आई है, हालांकि इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button