Flood Accident : कोरबा में उफनते नाले ने ली युवक की जान…! ग्रामीणों ने रोका, फिर भी पार करने उतरा… 3 किमी दूर मिला शव

News Power Zone
2 Min Read
Flood Accident

कोरबा, 23 जुलाई। Flood Accident : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार (28) की उफनते सांचर नाले में बहने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उसका साथी बुधराम मंझवार किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक घरेलू काम से कोरबा गए थे और शाम को बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले सांचर नाला उफान पर था और पानी सड़क के ऊपर से तेज बहाव के साथ गुजर रहा था।

ग्रामीणों ने रोका, फिर भी पार करने लगे नाला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पानी कम होने तक इंतजार करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद दोनों बाइक लेकर नाला पार करने निकल पड़े। नाले के बीच पहुंचते ही तेज बहाव में बाइक असंतुलित हो गई और दोनों युवक पानी में बह गए।

बुधराम मंझवार किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन राहुल तेज बहाव में लापता हो गया।

सुबह मिला शव

घटना की सूचना पर लेमरू थाना पुलिस और ग्रामीणों ने रात में तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान सीमित रहा। बुधवार सुबह दोबारा खोजबीन की गई, जिसके बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रशासन की अपील

लगातार बारिश के कारण जिले के कई नाले और पुल-पुलियों पर पानी बह रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नालों और जलमग्न पुलों को पार करने का प्रयास न करें तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर ही रुकें।

Share This Article