Raipur City News: रायपुर में खम्हारडीह थाने के बाहर डटे कांग्रेसी, अंदर दीपक बैज अड़े, बोले- मंत्री-विधायकों ने पत्थर मारने उकसाया, बीजेपी नेताओं पर भी हो काउंटर FIR

News Power Zone
3 Min Read

रायपुर।congress-protest-khamhardih-police-station-raipur  रायपुर में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी में पुलिसकर्मियों के घायल होने पर 12 नामजद और कई अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं पर FIR दर्ज की गई। अब इसके विरोध में गुरुवार शाम को प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता खम्हारडीह थाने में बीजेपी नेताओं-कार्यकर्ताओं पर काउंटर FIR दर्ज कराने पहुंचे।

 


थाने के बाहर बैठकर कांग्रेसी प्रदर्शन पर बैठे हैं, जबकि बैज समेत कई नेता अंदर पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। दीपक बैज ने कहा कि, जितने मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता आए, उन पर भी काउंटर FIR दर्ज हो। मंत्री-विधायकों ने पत्थर मारने उकसाया है। वो पत्थर मारेंगे, तो हम पुलिस के भरोसे बैठे रहेंगे क्या?

बीजेपी के खिलाफ हमारी लड़ाई आर-पार: बैज

दीपक बैज ने कहा कि, बीजेपी के खिलाफ हमारी लड़ाई आर-पार की है। सच्चाई, युवाओं और छात्रों के लिए लड़ाई है। यह लड़ाई हम लड़ेंगे। पूरे देश में प्रदर्शन चल रहा है, इसलिए सरकार बौखला गई है। आपके FIR से न कोई डरा है, न कोई डरेगा।

अभी बीजेपी के मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ FIR कर दे। मंत्री कानून-व्यवस्था बनाने की जगह कार्यकर्ताओं को पत्थर मारने के लिए उकसा रहे हैं। इसलिए हम एकपक्षीय कार्रवाई से सहमत नहीं है। पुलिस कह रही है कि जांच करेंगे। फिर बिना जांच किए कार्रवाई कैसे हुई। आप सीसीटीवी फुटेज लाइए, बैठकर देखेंगे कि, पुलिसकर्मियों को जो पत्थर लगा है, वह किसकी ओर से आया है।

जब तक FIR नहीं होगी, तब तक यहां बैठे रहेंगे

बैज ने कहा कि, जूते-चप्पल, बॉटल बीजेपी की तरफ से फेंका गया है। हमारे कार्यालय का घेराव करने आए, पत्थर भी हम खाए और एफआईआर भी हमारे ऊपर ही हुआ। जब तक बीजेपी के खिलाफ भी FIR नहीं होती है, तब तक हम यहां बैठे रहेंगे। फिलहाल, कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों से बातचीत का दौर जारी है।

बैज ने कहा कि, हम चुप बैठने वाले नहीं हैं, हमने चूड़ियां नहीं पहनी हैं। बीजेपी की यह कार्रवाई पूरी तरह से बदले की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस इस कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी।

Share This Article