
रायपुर। Chhattisgarh IPS Transfer 2026 छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में लंबे समय से प्रतीक्षित बड़े प्रशासनिक फेरबदल की घड़ी अब करीब आती दिखाई दे रही है। सत्ता के गलियारों में चल रही चर्चाओं के बीच विश्वसनीय सूत्रों का दावा है कि 15 जुलाई से पहले कभी भी आईपीएस अधिकारियों की बहुप्रतीक्षित तबादला सूची जारी हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, इस संभावित फेरबदल में करीब एक दर्जन आईपीएस अधिकारियों के प्रभार बदल सकते हैं। बदलाव का असर तीन महत्वपूर्ण पुलिस रेंज के आईजी, कई एसएसपी, एसपी और अन्य अहम पदों पर तैनात अधिकारियों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
सबसे ज्यादा निगाहें कोरबा जिले पर टिकी हैं, जहां नए पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है। इसके अलावा नक्सल प्रभावित जिलों सहित कई संवेदनशील जिलों में भी नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की अटकलें लगाई जा रही हैं।
सूत्रों की मानें तो इस फेरबदल में पहली बार दो महिला आईपीएस अधिकारियों को जिला पुलिस प्रमुख की जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय (PHQ) में नई जिम्मेदारी सौंपे जाने की भी चर्चा है।
हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अंतिम समय में नामों में बदलाव या तबादला सूची जारी होने में देरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल पूरे पुलिस महकमे की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी है। यदि सूत्रों की जानकारी सही साबित होती है तो आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ पुलिस के कई जिलों और रेंज में नई कमान देखने को मिलेगी।






