कोरबा

PM SHRI School : कोरबा के PM SHRI स्कूल पहुंचे कलेक्टर कुणाल दुदावत…! छात्रों से पूछा- क्या चाहिए बेहतर पढ़ाई के लिए…? जवाब सुनिए

IIT-JEE की मुफ्त कोचिंग का दिया बड़ा संदेश

कोरबा, 04 जुलाई। PM SHRI School : जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शनिवार को करतला विकासखंड के ग्राम तिलकेजा स्थित पीएम श्री सेजस विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता, अधोसंरचना, प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्राओं ने तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

कंप्यूटर लैब से लेकर कक्षाओं तक किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले कंप्यूटर लैब का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध संसाधनों व पढ़ाई की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, करियर लक्ष्य और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा की।

छात्रों से पूछा- स्कूल को और बेहतर कैसे बनाया जाए?

कलेक्टर ने छात्रों से पूछा कि स्कूल में किन सुविधाओं की ज़रूरत है और इसे आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए उनके पास क्या सुझाव हैं। छात्रों ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय कर अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

बोर्ड परीक्षा और करियर पर दिया खास संदेश

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से बातचीत में कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षा का परिणाम उच्च शिक्षा और भविष्य के करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए समय का सदुपयोग कर पूरी एकाग्रता के साथ तैयारी करें और उत्कृष्ट परिणाम हासिल करें।

IIT-JEE की मुफ्त कोचिंग का उठाएं लाभ

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा संचालित IIT-JEE एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश

कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कंप्यूटर लैब के लिए आवश्यक शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अतिथि शिक्षक की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

निर्माणाधीन PCB लैब का भी किया निरीक्षण

विद्यालय परिसर के समीप निर्माणाधीन पीसीबी लैब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

रातरानी का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में रातरानी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button