रायपुर

Solar Panel Accident : सोलर पैनल लगाते समय बड़ा हादसा…! हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो टेक्निशियन…मौके पर मौत

सुरक्षा मानकों की अनदेखी बनी वजह

रायपुर, 04 जुलाई। Solar Panel Accident : राजधानी रायपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सोलर टेक्निशियन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है।

छत पर काम करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, तीन तकनीशियन एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पैनल या उससे जुड़ा उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से प्रमोद और आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा तकनीशियन सुरक्षित बच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी बनी वजह

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सोलर पैनल लगाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया या फिर हाईटेंशन लाइन के बेहद नजदीक काम किया जा रहा था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button