
कोरबा।Korba Police Mock Drill जिले में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच कोरबा पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले के नेतृत्व में जिलेभर में बड़े स्तर पर “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने आपात स्थिति से निपटने की अपनी तैयारी परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की और जिले के 49 स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चले इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत एसडीओपी, थाना और चौकी प्रभारी स्वयं सड़क पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रत्येक नाकेबंदी स्थल की निगरानी की।
नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, चारपहिया और दोपहिया वाहनों के साथ उनके दस्तावेजों की गहन जांच की गई। बैरिकेडिंग, वायरलेस संचार और त्वरित सूचना प्रणाली के जरिए यह परखा गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस कितनी तेजी और समन्वय के साथ कार्रवाई कर सकती है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।






