रायपुर

Raipur BJP Protest : रायपुर में BJP-कांग्रेस टकराव…! राजीव भवन घेराव के दौरान बवाल…SI समेत 16 पुलिसकर्मी घायल…अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर

अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर


रायपुर, 23 जुलाई। Raipur BJP Protest : राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस घटना में एक सब-इंस्पेक्टर (SI) सहित करीब 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई जवानों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। कमिश्नर ने सभी घायल जवानों के बेहतर इलाज के निर्देश देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया।

वहीं, प्रशिक्षु उप निरीक्षक (PSI) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है। उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घटना के दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button