छत्तीसगढ़

Congress Protest : बेमेतरा में कांग्रेस का बड़ा विरोध प्रदर्शन…! देवेंद्र यादव सहित 17 पर केस दर्ज…मंत्री दयालदास बघेल की ‘शव यात्रा’ निकालने पर बवाल

गौवंश मौत मामले ने पकड़ा तूल

बेमेतरा, 13 मई। Congress Protest : बेमेतरा जिले में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने अब बड़ा राजनीतिक और कानूनी रूप ले लिया है। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झिरिया में कथित गौवंश मौत मामले को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालने पर पुलिस ने विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गौवंश मौत मामले ने पकड़ा तूल

जानकारी के मुताबिक, युवा कांग्रेस ने गांव में बड़ी संख्या में मृत गौवंश मिलने के विरोध में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन पर लापरवाही और संवेदनहीनता के आरोप लगाते हुए मंत्री के खिलाफ प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा निकाली और जमकर नारेबाजी की। आंदोलन में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और स्थानीय नेता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी पिछले कई दिनों से गौवंशों की मौत की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी बीच खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के बेटे और जिला पंचायत सदस्य अंजय बघेल ने चंदनू थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि जीवित व्यक्ति को मृत बताकर शोक पत्र छपवाना, शव यात्रा निकालना और सार्वजनिक रूप से छवि खराब करना सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कांग्रेस पर कानूनी शिकंजा

एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक देवेंद्र यादव (Congress Protest) ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। इस घटनाक्रम के बाद बेमेतरा की राजनीति गरमा गई है। आने वाले दिनों में यह मामला प्रदेश स्तर पर बड़ा राजनीतिक विवाद बन सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button