Kawardha-Raipur Expressway : कवर्धा-रायपुर 6-लेन एक्सप्रेसवे को केंद्र की मंजूरी…! ₹15 हजार करोड़ से बदलेगी कनेक्टिविटी की तस्वीर…सांसद संतोष पांडेय ने PM मोदी-गडकरी का जताया आभार
भोपाल से रायपुर की दूरी होगी कम
कवर्धा, 12 अगस्त। Kawardha-Raipur Expressway : छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली बड़ी परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। जबलपुर-मंडला-छत्तीसगढ़ सीमा-कवर्धा-सिमगा-रायपुर 6-लेन मार्ग परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद इस पूरे कॉरिडोर के विकास का रास्ता साफ हो गया है।
क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने इस महत्वपूर्ण मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है।
₹15 हजार करोड़ का बड़ा प्रोजेक्ट
सांसद संतोष पांडेय के मुताबिक, इस परियोजना के लिए करीब ₹15 हजार करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से मध्यप्रदेश के भोपाल, सागर, दमोह, जबलपुर और मंडला होते हुए छत्तीसगढ़ में प्रवेश होगा। छत्तीसगढ़ में यह कॉरिडोर कवर्धा, बेमेतरा और सिमगा से होकर रायपुर को जोड़ेगा। इससे भोपाल और रायपुर के बीच सीधी एवं तेज कनेक्टिविटी विकसित होगी।
जबलपुर से रायपुर का सफर सिर्फ 3.5 से 4 घंटे!
प्रस्तावित 6-लेन कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा सफर के समय में कमी के रूप में सामने आएगा। जबलपुर से रायपुर: अभी करीब 7-8 घंटे, प्रस्तावित समय 3.5-4 घंटे, रायपुर से भोपाल: अभी करीब 14-15 घंटे, परियोजना के बाद करीब 6-7 घंटे। इससे यात्रियों के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और माल परिवहन को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
मध्यभारत की बड़ी कनेक्टिविटी लाइफलाइन
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि जबलपुर से छत्तीसगढ़ सीमा, चिल्फीघाटी, कवर्धा और रायपुर तक जाने वाला यह कॉरिडोर मध्यभारत की प्रमुख इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी लाइफलाइन बनने जा रहा है।
करीब ₹2500 करोड़ की लागत से मौजूदा मार्ग को अपग्रेड किए जाने की भी बात कही गई है। यह मार्ग मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच महत्वपूर्ण व्यापारिक रूट के रूप में काम करेगा।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बड़ा फायदा
6-लेन एक्सप्रेसवे बनने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान और तेज होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों, औद्योगिक परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ आने वाले पर्यटकों के लिए भी जबलपुर, मंडला और मध्यप्रदेश के अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में यह परियोजना ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।





