
Awareness Wins: ट्रैफिक नियमों का पालन ना करने पर उल्लंघन करने वाले का चालान करना ही ट्रैफिक पुलिस का काम होता है। इंटरनेट पर वायरल वीडियो में भी महिला पुलिसकर्मी यही करने की कोशिश करती है, मगर इस बार एक बाइकर उसे ही नियम सिखा देता है। अपनी बात सही साबित करने के लिए बंदा पुलिस को एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की वीडियो दिखाने से लेकर गूगल पर नियम सर्च करके दिखा देता है।
यहां तक कि वो उसका चालान करने आए एक वर्दीवाले से भी सवाल करता है कि आपके पास न बैज है, न स्टार है, तो आप चालान नहीं कर सकते। उसकी जागरुकता और नियमों की समझ देखकर इंटरनेट की जनता उससे इंप्रेस हो जाती है।
कैसे चालान काट रहे हो?
महिला पुलिस से बंदा कहता है कि ‘आप मेरी बाइक की जिस फॉगलाइट का चालान काट रही है, वो हेडलाइट के नीचे है। किस चीज का चालान काट रही है आप?’ बंदा आगे वायरल ट्रैफिक पुलिस कॉप विवेकानंद तिवारी की वीडियो में सुना एक नियम उन्हें बताते हैं कि ‘अगर फॉग लाइट, हेडलाइट के नीचे लगी है, तब चालान नहीं कटेगा। अगर ऊपर या बराबर में लगी है, तभी कट सकता है। फोकस रोड पर है, तो नहीं कट सकता।’
हम कैसे मान ले?
प्रशांत यादव फिर महिला पुलिसकर्मी को वह वीडियो भी दिखा देता है। मगर उनका कहना होता है कि वो उस ट्रैफिक पुलिस वाले को नहीं पहचानती, लेकिन अगर बंदा नियम दिखा देता है, तब वह उसे जाने देंगी। आगे बंदा गूगल से भी नियम निकालकर मैडम को दिखाता है, जिसके बाद वो कॉल पर बात करने लगती है। इस बीच एक बिना नेम बैज और स्टार वाला वर्दीधारी बंदे का चालान काटने की कोशिश करता है।
सवाल पूछना अधिकार है!
इस वीडियो को इंस्टा पर कंटेंट क्रिएटर प्रशांत यादव ने (@onlyprashantji) ‘सवाल पूछना और सच दिखाना हमारा अधिकार है।’ कैप्शन के साथ पोस्ट किया है। जिस पर फेमस ट्रैफिक पुलिसकर्मी विवेकानंद तिवारी का भी जवाब आया है।
विवेकानंद ने लिखा है कि ‘वाह भाई सही उपयोग किए हैं मेरी वीडियो का।’ इसके अलावा बीते 2 महीनों में इस वीडियो को 6 करोड़ से अधिक बार देखा गया है। जबकि इस पर आए कमेंट्स की संख्या 58 हजार पार करते हुए 41 लाख लाइक बटोर चुकी है।





