छत्तीसगढ़

Bus Accident : जशपुर में बड़ा सड़क हादसा…! डायवर्जन पर पलटी यात्री बस…10 घायल; महिला की हालत गंभीर

डायवर्जन बना हादसे की वजह

जशपुर, 03 जुलाई। Bus Accident : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झारखंड से कोरबा जा रही एक यात्री बस डायवर्जन पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, श्री जय बालाजी बस (CG 14 G 0170) झारखंड के रामगढ़ से यात्रियों को लेकर कोरबा की ओर जा रही थी। सुबह करीब कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी के पास बने डायवर्जन पर बस तेज रफ्तार के कारण चालक का नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुनकुरी भेजा गया।

डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में घायल 10 यात्रियों का इलाज जारी है, जबकि एक महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और डायवर्जन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button