यूपी

Rampur Crime: रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, पत्नी को इलेक्ट्रिक शॉक देने हत्या, पति गिरफ्तार

मायके की जमीन को लेकर विवाद का आरोप

Rampur Crime: उत्तर प्रदेश के रामपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बिलासपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में उसके पति पर बिजली का करंट देकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पति इसरार उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर जलने और चोट के कई निशान मिलने की बात सामने आई है। मृतका की पहचान नसरीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी पति ने पत्नी को इलेक्ट्रिक शॉक देने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की पूरी वजह अभी जांच का विषय है।

करंट देकर हत्या का आरोप

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर करीब छह जगह चोट के निशान मिले हैं। इनमें कई बर्न इंजरी शामिल हैं, जिन्हें इलेक्ट्रिक शॉक से जुड़ा बताया गया है। पुलिस के मुताबिक निजी अंग पर भी इलेक्ट्रिक शॉक से संबंधित चोट के निशान मिले हैं।

मायके की जमीन को लेकर विवाद का आरोप

परिजनों का आरोप है कि नसरीन को मायके से मिली जमीन बेचने के लिए पति और ससुराल पक्ष की ओर से दबाव बनाया जा रहा था। नसरीन के पांच बच्चे, चार बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार के मुताबिक वह बच्चों के भविष्य को देखते हुए जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं थी। परिजनों का दावा है कि इसी संपत्ति विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति विवाद को हत्या की वजह बताया गया है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

दूसरी महिला को लेकर भी विवाद का आरोप

मृतका की बहन हसीन जहां ने आरोप लगाया कि नसरीन को पहले भी पति की ओर से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब एक साल पहले आरोपी किसी दूसरी महिला को घर लेकर आया था, जिसके बाद परिवार में विवाद हुआ था। परिजनों का कहना है कि इसके बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद बना रहा। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

चाचा की तहरीर पर केस, पति गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलने के बाद मृतका के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति इसरार उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी से परेशान था और उसने उसे इलेक्ट्रिक शॉक दिया। पुलिस अब आरोपी के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को मिलाकर जांच कर रही है।

हत्या की असली वजह की जांच जारी

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या संपत्ति विवाद ही हत्या की वास्तविक वजह थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विवेचना जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।  

Related Articles

Back to top button