BreakingFeaturedक्राइमछत्तीसगढ़

Chhattisgarh News: कांग्रेस IT सेल के नेता के खिलाफ सिविल लाइन थाने FIR, तिरंगे की तस्वीर से छेड़छाड़ कर मॉर्फ्ड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप

Chhattisgarh News: रायपुर। राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास ने कांग्रेस IT सेल से जुड़े नेता अरुण साहू के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा का आरोप है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निवास पर लगाए गए तिरंगे की मूल तस्वीर को एडिट कर भ्रामक तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

तस्वीर एडिट कर भ्रामक पोस्ट करने का आरोप

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास के मुताबिक, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। आरोप है कि इसी दौरान ली गई तस्वीर में कथित तौर पर बदलाव कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। भाजपा का दावा है कि तस्वीर के साथ भ्रामक जानकारी भी साझा की गई, जिससे लोगों के बीच गलत संदेश गया।

 

श्रीवास ने कथित सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। भाजपा के अनुसार, शिकायत के बाद संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी गई, हालांकि तब तक वह काफी लोगों तक पहुंच चुकी थी।

 

पुलिस ने दर्ज किया मामला

 

भाजपा की ओर से कहा गया है कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, तस्वीर में किए गए कथित बदलाव और उसे प्रसारित करने से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

 

FIR दर्ज होने के बाद गौरी शंकर श्रीवास ने कांग्रेस नेताओं पर सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रध्वज और भाजपा नेताओं को लेकर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज और राष्ट्रीय पर्व से जुड़ी संवेदनशील सामग्री के साथ छेड़छाड़ या भ्रामक पोस्ट को लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button