Advocate Knife Attack : रायपुर में वकील पर चाकू से हमला…! शराब पीने से रोका तो बदमाशों ने किया खूनी वार…4 आरोपी गिरफ्तार
CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज
रायपुर, 11 मई। Advocate Knife Attack : रायपुर के राजातालाब स्थित नूरानी चौक में अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस की टीमों ने ओडिशा और महाराष्ट्र तक दबिश दी थी।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले अधिवक्ता Ramijuddin ने मोहल्ले के कुछ लोगों को सड़क किनारे शराब पीने से मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू, सिविल लाइन और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फजल खान उर्फ मुजीब, मोहम्मद सरताज शरीफ उर्फ ताज, फैजान हुसैन और अब्दुल कलाम उर्फ राजा शामिल हैं। पूछताछ में चारों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।



