CG Police Exam Date Changed : पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख बदली…! अब 2 से 4 नवंबर तक होगी परीक्षा
रायपुर, 11 अगस्त। CG Police Exam Date Changed : छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तारीखों में बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
पहले छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने इस परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की तारीखें निर्धारित की थीं। इसी दौरान 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित थी। दोनों परीक्षाओं की तारीख टकराने से अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी।
अभ्यर्थियों की परेशानी पर बदली परीक्षा की तारीख
पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा और शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख एक ही दिन पड़ने का मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आया। अभ्यर्थियों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद लोक सेवा आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीखों में बदलाव कर दिया। अब परीक्षा 2 से 4 नवंबर के बीच होगी।
CM साय बोले- युवाओं का हित सर्वोपरि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। केवल परीक्षा की तारीखों के टकराव की वजह से कोई पात्र युवा किसी अवसर से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो परीक्षाओं में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
कब जारी हुआ था प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट?
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था।
इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की संभावित तारीखें तय की गई थीं। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत मुख्य परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को फिर करना होगा ऑनलाइन आवेदन
मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस संबंध में लोक सेवा आयोग की ओर से विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा और आवेदन से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
नई परीक्षा तारीख एक नजर में
परीक्षा: पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा-2024
पद: सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर
पुरानी तारीख: 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026
नई तारीख: 2, 3 और 4 नवंबर 2026
आयोजक: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC)
आवेदन: चिन्हित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
मुख्यमंत्री साय ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।





