
कोरबा। Ankit Verma Block Congress Mahamantri Korba भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठन विस्तार के तहत गठित कोरबा शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में युवा कांग्रेस नेता अंकित वर्मा को महामंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में युवा नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस की युवा ब्रिगेड को नई ऊर्जा देने वाली जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
महामंत्री नियुक्त होने के बाद अंकित वर्मा ने प्रदेश के पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विकास सिंह भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान संगठन को मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई।
गौरतलब है कि कोरबा शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का गठन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत तथा पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के अनुमोदन से किया गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अंकित वर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ना और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता होगी।
अंकित वर्मा की नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवा समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनके सक्रिय नेतृत्व से संगठन को नई गति मिलेगी और युवा वर्ग को कांग्रेस से जोड़ने के अभियान को भी मजबूती मिलेगी।






