Korba News : 40 साल बाद फिर मिले बचपन के दोस्त…! यादों से भर उठा मंगल भवन
कोरबा/बालको, 23 जून। Korba News : समय भले ही चार दशक आगे बढ़ गया हो, लेकिन बचपन की दोस्ती का रंग आज भी वैसा ही गहरा है। इसी अनमोल रिश्ते को फिर से जीने का अवसर मिला बालको के उन साथियों को, जिन्होंने 70 और 90 के दशक के बीच यहां की गलियों, मैदानों और स्कूलों में अपना बचपन बिताया था।
बालको नगर के मंगल भवन में 20 एवं 21 जून को आयोजित “मित्र मिलन-2” समारोह भावनाओं, स्मृतियों और आत्मीयता का अद्भुत संगम बन गया। लगभग 40 वर्षों बाद दूसरी बार मिले इन दोस्तों ने जैसे ही एक-दूसरे को देखा, वर्षों की दूरियां पलभर में मिट गईं। किसी के बाल सफेद हो चुके थे, कोई दादा-नाना बन चुका था, लेकिन दिलों में आज भी वही स्कूल वाला शरारती दोस्त जिंदा था।
इस मिलन समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से मित्र पहुंचे। कोई इंजीनियर बनकर देश के विकास में योगदान दे रहा है, तो कोई डॉक्टर, शिक्षक, उद्योगपति, वकील, व्यवसायी या शासकीय अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्यप्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, नागपुर, इंदौर, कोलकाता और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए इन साथियों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए।
दो दिनों तक चले इस आयोजन में दोस्तों ने स्कूल के दिनों की यादें ताजा कीं, पुराने किस्सों पर ठहाके लगाए और उन पलों को फिर से जिया, जो समय की धूल में कहीं दब गए थे। कई आंखें नम हुईं तो कई चेहरों पर बचपन जैसी मासूम मुस्कान लौट आई।
समारोह के समापन पर सभी मित्रों ने एक-दूसरे से फिर मिलने का वादा किया। नई ऊर्जा, नई खुशियों और ढेर सारी यादों को अपने साथ लेकर सभी अपने-अपने शहरों के लिए रवाना हुए। यह आयोजन साबित कर गया कि सच्ची दोस्ती उम्र और दूरी की मोहताज नहीं होती, बल्कि समय के साथ और भी मजबूत होती जाती है।






