Conducted an Inspection : कलेक्टर दुदावत का सख्त निर्देश… सड़कों के काम में लाएं तेजी.. 15 नवंबर तक हर हाल में पूरा करें निर्माण
Conducted an Inspection : पीएम जनमन और पीएमजीएसवाई सड़कों का किया निरीक्षण... गड्ढों की तत्काल मरम्मत के निर्देश, पसान स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से लिया फीडबैक
कोरबा, 07 अगस्त। Conducted an Inspection : जिले के दूरस्थ और विशेष रूप से पीवीटीजी बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों और स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन और एसडीएम मनोज कुमार भी मौजूद रहे।
सड़कों पर गड्ढे देख कलेक्टर ने जताई नाराजगी
कलेक्टर ने ग्राम सरमा से पसान मार्ग का निरीक्षण किया। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पाए जाने पर उन्होंने एसईसीएल रानी अटारी के अधिकारियों को तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर बड़ी संख्या में कोयला परिवहन करने वाले वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क की स्थिति का सीधा असर ग्रामीणों के आवागमन और सुरक्षा पर पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर मौजूद सभी गड्ढों को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
पीवीटीजी गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने पर जोर
कलेक्टर दुदावत ने पीएम जनमन योजना के तहत पीवीटीजी बाहुल्य गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए निर्माणाधीन सड़कों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर सड़कों का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने लैंगा से सेमरा-सैला-जिल्दा तक बन रही 14.30 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को 15 नवंबर तक सड़क निर्माण पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
रेलवे हिस्से में अधूरा काम, अधिकारियों से समन्वय के निर्देश
कलेक्टर ने पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में कटोरी नगोई-केशलपुर मार्ग पर बन रही 6.90 किलोमीटर लंबी पीएमजीएसवाई सड़क का भी निरीक्षण किया। रेलवे लाइन के अंतर्गत आने वाले हिस्से में सड़क निर्माण कार्य अधूरा मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेलवे अधिकारियों से समन्वय कर शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने दो टूक कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पसान स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर ने मरीजों से लिया फीडबैक
सड़क निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन कक्ष, प्रसव कक्ष, मरीज वार्ड, दवा वितरण कक्ष और स्टोर रूम का जायजा लिया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
गर्भवती महिलाओं और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर विशेष निगरानी
कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं को समय पर सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) की सूची की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके उपचार, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों और भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही प्रसव के बाद माताओं को सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रोटीनयुक्त पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर दुदावत ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तक बेहतर सड़क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। ग्रामीणों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े और उन्हें सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिले, इसके लिए संबंधित विभाग पूरी गंभीरता और तत्परता से काम करें।





