Featuredदेशराजनीति

jpsc jssc protest : छात्रों और सरकार के बीच वार्ता खत्म, CBI जांच पर सहमति नहीं, अंतिम फैसला CM के साथ अगली बैठक में, आंदोलन जारी

jpsc jssc protest : रांची। झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन शुक्रवार को 14वें दिन भी जारी रहा। इस बीच सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच राजकीय अतिथिशाला में करीब दो घंटे तक अहम बैठक हुई। बैठक में छात्रों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन सीबीआई जांच की मांग पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका।

 

 

सरकार-छात्रों के बीच पहली औपचारिक वार्ता

 

 

राजकीय अतिथिशाला में हुई बैठक में 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के मंत्रियों ने आमने-सामने बातचीत की। दोनों पक्षों ने वार्ता को सकारात्मक बताया और कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से चर्चा की गई। हालांकि, आंदोलन की प्रमुख मांग सीबीआई जांच पर फैसला नहीं होने के कारण छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

 

 

रविंद्र पासवान बोले- सकारात्मक रहा पहला दौर

 

 

बैठक के बाद छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि सरकार के साथ यह पहली औपचारिक बैठक थी और बातचीत बेहद सकारात्मक माहौल में हुई। उन्होंने कहा कि ऐसा महसूस हुआ जैसे परिवार के बीच चर्चा हो रही हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने बताया कि यह वार्ता का पहला चरण था और आगामी बैठकों में मांगों पर विस्तार से चर्चा होगी।

 

 

सरकार ने गंभीरता से सुनी छात्रों की मांगें

 

 

सरकार की ओर से बैठक में शामिल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि छात्रों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना गया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक मुद्दे पर विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी मांगों पर मंथन किया जाएगा। सरकार ने छात्रों को सकारात्मक पहल का भरोसा भी दिलाया।

 

 

सीबीआई जांच पर नहीं बनी सहमति

 

 

बैठक के बाद दोनों पक्षों ने विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया। केवल इतना बताया गया कि कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई, लेकिन सीबीआई जांच की मांग पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। अब इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होने वाली अगली बैठक में चर्चा होगी।

 

 

सीबीआई जांच तक जारी रहेगा आंदोलन

 

 

छात्रों का कहना है कि सरकार ने अन्य मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है, लेकिन आंदोलन का मुख्य उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराना है। उनका कहना है कि जब तक इस मांग पर स्पष्ट निर्णय नहीं होता, तब तक सत्याग्रह आंदोलन जारी रहेगा। अंतिम फैसला मुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक के बाद लिया जाएगा।

 

 

बैठक में ये रहे मौजूद

 

 

बैठक में छात्र प्रतिनिधिमंडल की ओर से आनंद कुमार, अंकित कुमार, रविंद्र कुमार, पतंजलि मंडल, रविंद्र पासवान, पीयूष कुमार, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी और नीतू कुजूर शामिल हुए। सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव मौजूद रहे। विकास आयुक्त अजय सिंह, रांची के उपायुक्त (डीसी) तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, परीक्षा प्रक्रिया में सुधार, पारदर्शिता और छात्रों की अन्य मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Related Articles

Back to top button