Korba Breaking: राख परिवहन में बड़ा खेल बेनकाब! पर्यावरण संरक्षण मंडल का CSEB को नोटिस, कटघोरा मदरसा परिसर में डंप की जा रही थी राख

कोरबा। KorbaBreaking हसदेव ताप विद्युत परियोजना (एचटीपीपी) से निकलने वाली फ्लाई ऐश के परिवहन में बड़े पैमाने पर अनियमितता का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने नियमों की अनदेखी और पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन के आरोप में सीएसईबी प्रबन्धन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, एचटीपीपी से परिवहन की गई राख को निर्धारित स्थल तक पहुंचाने के बजाय कटघोरा अमखोखरा स्थित मदरसा परिसर में डंप किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान परिवहन और निस्तारण प्रक्रिया में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद पर्यावरण मंडल ने कंपनी से जवाब तलब किया है।
मामले में यह भी आरोप है कि राख परिवहन और निस्तारण से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ी कर सीएसईबी को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की तलवार लटक सकती है।
पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन और कथित वित्तीय अनियमितताओं के इस मामले ने ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मचा दी है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर इतने लंबे समय तक यह खेल किसकी निगरानी में चलता रहा और जिम्मेदार एजेंसियों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की।
अब सबकी निगाहें पर्यावरण संरक्षण मंडल की अगली कार्रवाई और शंकर इंजीनियरिंग के जवाब पर टिकी हैं। यदि आरोप साबित होते हैं तो यह मामला सिर्फ पर्यावरणीय उल्लंघन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि करोड़ों रुपये के संभावित घोटाले की दिशा में भी जांच बढ़ सकती है।




