Bridge Inspection : बारिश भी नहीं रोक सकी कलेक्टर के कदम…! कार छोड़ कीचड़ में पैदल चलकर 100 KM दूर गांव पहुंचे
मजबूत पुल निर्माण के दिए निर्देश
कोरबा, 06 अगस्त। Bridge Inspection : लगातार हो रही बारिश के बीच कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ गांवों का दौरा किया। शहर से लगभग 90 से 100 किलोमीटर दूर स्थित पनगंवा, सुखरीताल, हरदेवा और सरमा गांवों में क्षतिग्रस्त पुल और पुलियाओं का निरीक्षण कर उन्होंने अधिकारियों को मजबूत और टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार छोड़ी, कीचड़ भरे रास्ते पर पैदल पहुंचे
लगातार बारिश, फिसलन और कीचड़ के कारण कई जगह वाहन आगे नहीं जा सके। इसके बावजूद कलेक्टर ने रास्ते में अपनी कार छोड़ दी और पैदल चलकर निरीक्षण स्थल तक पहुंचे। उनका उद्देश्य सिर्फ क्षति का जायजा लेना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसे पुलों का निर्माण सुनिश्चित करना था जो बाढ़ और तेज बारिश का भी मजबूती से सामना कर सकें।
PMGSY अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
कलेक्टर ने ग्राम सुखरीताल-हरदेवा के बीच क्षतिग्रस्त पुल और ग्राम पनगंवा में बकई नदी पर बने पुल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से चर्चा के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के कार्यपालन अभियंता सी.एस. तँवर को बाढ़ राहत मद से प्रस्ताव तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सरमा में तत्काल राहत, सुखरीताल में नया निर्माण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सरमा की क्षतिग्रस्त पुलिया पर तत्काल मिट्टी भरकर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए। वहीं सुखरीताल में बारिश खत्म होते ही नई और अधिक मजबूत पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
“सिर्फ मरम्मत नहीं, भविष्य की मजबूती भी जरूरी”
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि केवल क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत पर्याप्त नहीं है। भविष्य को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक डिजाइन, पर्याप्त जल निकासी क्षमता और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि ग्रामीणों का आवागमन हर मौसम में सुरक्षित बना रहे।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।





