कोरबा, 23 जून। Korba Press Club : प्रेस क्लब कोरबा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, संरक्षक कमलेश यादव, सचिव दिनेश राज, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों, पत्रकार हितों तथा मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और समाज के सकारात्मक निर्माण में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार रिपोर्टिंग के माध्यम से शासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया केवल सूचना प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण स्तंभ भी है। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने में पत्रकारों का योगदान हमेशा सराहनीय रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब कोरबा की नई कार्यकारिणी पत्रकारिता के उच्च आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाएगी तथा पत्रकारों के हितों के संरक्षण और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगी।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए पत्रकार हितों, संगठनात्मक मजबूती और रचनात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।