Social Media Sensation : सोशल मीडिया स्टार IAS ओशिन शर्मा का तबादला…! शिमला SDM से हटाकर आयुष विभाग में मिली नई जिम्मेदारी

News Power Zone
2 Min Read
Social Media Sensation
शिमला, 12 जुलाई। Social Media Sensation : हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 17 IAS और 22 HAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस सूची में सबसे अधिक चर्चा शिमला की SDM ओशिन शर्मा की नई पोस्टिंग को लेकर हो रही है। सरकार ने ओशिन शर्मा को SDM शिमला के पद से हटाकर आयुष विभाग में ज्वाइंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। आदेश जारी होने के साथ ही यह फैसला सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।

सोशल मीडिया पर हैं लाखों फॉलोअर्स

ओशिन शर्मा केवल एक प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी बेहद लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 3 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर यात्रा, फिटनेस, पारिवारिक कार्यक्रमों और दैनिक जीवन से जुड़ी तस्वीरें व वीडियो साझा करती रही हैं। इसी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर किसी सेलिब्रिटी जैसी लोकप्रियता मिली है।

प्रमोशनल वीडियो को लेकर हुआ था विवाद

इसी वर्ष फरवरी में जिम सप्लीमेंट से जुड़े एक प्रमोशनल वीडियो को लेकर वह विवादों में आ गई थीं। सोशल मीडिया पर सवाल उठे कि क्या किसी सरकारी अधिकारी द्वारा निजी उत्पाद का प्रचार सेवा नियमों के अनुरूप है। मामला बढ़ने पर प्रशासन ने संज्ञान लिया और तत्कालीन उपायुक्त ने उन्हें चेतावनी जारी की थी। विवाद के बाद ओशिन शर्मा ने कुछ समय के लिए अपना सोशल मीडिया अकाउंट निष्क्रिय कर दिया था। करीब 44 दिनों बाद उन्होंने फिर से सोशल मीडिया पर वापसी की और सक्रिय हो गईं।

नियमित प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा

सरकार के ताजा तबादला आदेश में उनकी नई पोस्टिंग के पीछे कोई विशेष कारण नहीं बताया गया है। इसे सामान्य प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता और पूर्व विवाद के कारण यह तबादला व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है।
Share This Article