DSP Dispute Case : टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट…! DSP ने फर्जी चैट्स वायरल करने का लगाया आरोप
होटल कारोबारी दीपक टंडन और DSP कल्पना वर्मा के बीच आरोप–प्रत्यारोप
कोरबा, 14 दिसंबर। DSP Dispute Case : रायपुर के होटल कारोबारी दीपक अंबेडकर टंडन और दंतेवाड़ा की DSP कल्पना वर्मा के बीच गंभीर आरोप–प्रत्यारोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कारोबारी दीपक टंडन ने DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं DSP वर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि मीडिया में फर्जी चैट्स और तस्वीरें वायरल की गई हैं। इसी बीच, कोरबा जिले के दीपका थाना में दर्ज एक धोखाधड़ी मामले में दीपक टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है।
क्या है मामला
दरअसल, दीपका थाना क्षेत्र में महेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने दीपक टंडन के खिलाफ 27 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इस केस में कोर्ट में पेश नहीं होने के कारण टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
कारोबारी के आरोप
दीपक टंडन ने दावा किया है कि DSP कल्पना वर्मा ने पहले उन्हें लव ट्रैप में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये, महंगी कार और कीमती जेवर लिए। उनका आरोप है कि अब वह सामान वापस नहीं किया जा रहा। टंडन ने अक्टूबर महीने में खम्हारडीह थाना, रायपुर में इस संबंध में शिकायत भी की थी। पुलिस से कार्रवाई न होने पर उन्होंने मीडिया के सामने पूरा मामला रखा।
DSP कल्पना वर्मा का पक्ष
DSP कल्पना वर्मा ने आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि टंडन उन पर कोर्ट से केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने फर्जी तस्वीरें और चैट्स तैयार कर मीडिया में वायरल कर दीं। वायरल वीडियो को लेकर DSP वर्मा ने स्पष्ट किया कि वह बकाया पैसे लेने होटल गई थीं, न कि किसी निजी संबंध के कारण। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
कौन हैं दीपक टंडन
कारोबारी दीपक अंबेडकर टंडन का बचपन कोरबा की पुरानी बस्ती, आदिल चौक के पास बीता। उन्होंने कोरबा में ही पढ़ाई की और नया बस स्टैंड के पास फोटो फ्रेमिंग की दुकान चलाते थे, जो आज भी मौजूद है। दीपक चार भाइयों में सबसे छोटे हैं और सतनामी समाज के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
उनकी पहली शादी 2011 में कोरबा में हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद और दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बाद वह करीब 17 साल पहले कोरबा छोड़कर रायपुर चले गए। फिलहाल दीपक टंडन रायपुर में एक बड़े होटल के मालिक हैं। उनकी दूसरी शादी हो चुकी है और दो बच्चे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें DSP कल्पना वर्मा से जुड़े इस मामले की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए ही मिली।
मुलाकात कैसे हुई
जानकारी के मुताबिक, DSP कल्पना वर्मा जब 2021 में महासमुंद में पदस्थ थीं, तब वह अपने कुछ साथियों के साथ टंडन के होटल गई थीं। एक म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए दोनों की पहचान हुई, जिसके बाद बातचीत और मुलाकातें बढ़ीं।
जांच जारी
मीडिया में मामला आने के बाद खम्हारडीह पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि पुलिस अधिकारी फिलहाल अधिकृत बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां कारोबारी पर गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है, वहीं दूसरी ओर DSP कल्पना वर्मा ने भी कानूनी कार्रवाई का संकेत दिया है। मामला अब कानून और जांच एजेंसियों के बीच है।



