CJP Protest : एक महीने बाद खत्म हुआ CJP का आंदोलन…! केंद्र ने मानी बड़ी मांगें…जंतर-मंतर से प्रदर्शन समाप्त
NEET पीड़ित परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता
नई दिल्ली, 25 जुलाई। CJP Protest : दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से अधिक समय से जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन शनिवार को समाप्त हो गया। केंद्र सरकार और CJP प्रतिनिधिमंडल के बीच तीन दौर की वार्ता के बाद प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद पार्टी ने आधिकारिक तौर पर आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपने-अपने घर लौटने की अपील की गई।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। आशुतोष रांका ने कहा कि पार्टी की सभी प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली गई हैं और अब भविष्य की रणनीति जल्द साझा की जाएगी। वहीं सौरव दास ने कहा कि सरकार द्वारा तय समय-सीमा में वादे पूरे किए जाने के भरोसे के साथ आंदोलन वापस लिया जा रहा है।
NEET पीड़ित परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि NEET विवाद से जुड़ी आत्महत्याओं के प्रभावित परिवारों को नियमों और कानून के तहत सम्मानजनक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। CJP ने प्रभावित परिवारों के लिए ₹1 करोड़ के मुआवजे की मांग रखी थी, जिस पर सरकार ने नियमानुसार सहायता देने पर सहमति जताई।
शिक्षा सुधारों पर होगा अगला दौर
CJP ने सरकार को शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए 5-सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा है। दोनों पक्षों के बीच इन सुधारों की समीक्षा के लिए लगभग चार सप्ताह बाद फिर से बैठक होगी। पार्टी का कहना है कि छात्रों के हित में सरकार के साथ मिलकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में काम जारी रहेगा।






