Korba Crime News : SECL के बलगी विद्युत सब-स्टेशन में नकाबपोश डकैतों का धावा…! गार्ड को बेरहमी से पीटा
कोरबा, 26 जुलाई। Korba Crime News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार देर रात एसईसीएल के बलगी विद्युत सब-स्टेशन में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 15 से 20 बदमाशों ने ऑन-ड्यूटी सुरक्षा गार्ड पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और सब-स्टेशन से सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
रात 11:10 बजे बोला हमला
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:10 बजे वह ड्यूटी पर तैनात थे। तभी 15 से 20 नकाबपोश बदमाश परिसर में घुस आए। उनके हाथों में डंडे, चाकू और लोहे की रॉड थी। बदमाशों ने आते ही गार्ड पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गार्ड गंभीर रूप से घायल
हमले में संजय कुमार के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। बदमाशों के भागने के बाद उन्होंने किसी तरह अपने साथियों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
SECL की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस वारदात के बाद एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। घायल गार्ड का कहना है कि इतने संवेदनशील विद्युत सब-स्टेशन में अक्सर एक ही गार्ड की ड्यूटी लगाई जाती है। इससे पहले भी यहां चोरी के प्रयास हो चुके हैं। कुछ समय पहले अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। हाल ही में सुराकछार खदान क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।






