BreakingFeaturedकोरबाक्राइम

Korba Breaking: वेस्टर्न कार्बन फैक्ट्री में कैसे लगी भीषण आग? दूसरी बार आग से उठे कई सवाल… हादसा, लापरवाही या फिर कुछ और?


कोरबा। Western Carbon Factory Fire Korba इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वेस्टर्न कार्बन की कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को हुए भीषण धमाके और आगजनी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर लगातार बारिश के बीच फैक्ट्री में इतनी बड़ी आग कैसे लगी? क्या यह महज एक औद्योगिक हादसा था, या सुरक्षा व्यवस्था में कोई बड़ी चूक हुई? या फिर इसके पीछे कोई और वजह हो सकती है?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धमाके के बाद देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय फैक्ट्री के भीतर मजदूर काम कर रहे थे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस घटना ने इसलिए भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि इसी फैक्ट्री में पहले भी आग लगने की घटना हो चुकी है। यदि पहले भी ऐसा हादसा हुआ था, तो उसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को कितना मजबूत किया गया? क्या पुराने हादसे से सबक लिया गया था? क्या सभी सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था?

वहीं औद्योगिक क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि पिछले कुछ समय से कार्बन उत्पादों की मांग में कमी आई है। ऐसे में कुछ लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें भी लगा रहे हैं। हालांकि फिलहाल इनमें से किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन ने ऐसी किसी वजह की पुष्टि की है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आग दुर्घटनावश लगी, सुरक्षा में लापरवाही का नतीजा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण जिम्मेदार था।

Related Articles

Back to top button