बालकोनगर

Utsav Mela-2025 : बालको लेडीज़ क्लब ने 52 वर्षों की उपलब्धियों का मनाया जश्न…! 500 से ज़्यादा सदस्यों ने उत्सव मेले का लिया आनंद

महिला उद्यमियों और स्थानीय प्रतिभाओं को मिला मंच

बालकोनगर, 25 नवंबर। Utsav Mela-2025 : भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के लेडीज़ क्लब द्वारा वार्षिक ‘उत्सव मेला-2025’ का शानदार और भव्य आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ बालको के सीईओ राजेश कुमार एवं लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा मनीषा कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। क्लब के गौरवशाली 52 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह मेला न केवल उपलब्धियों का उत्सव रहा, बल्कि बालको परिवार में एकता, उत्साह और सामुदायिक भावना को सशक्त करने का प्रतीक भी बना। मेले में 500 से अधिक सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। सभी आयु वर्ग के लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। परिसर में लगे 20 से अधिक स्टॉल विशेष आकर्षण रहे, जिनमें स्वादिष्ट व्यंजन, पारंपरिक परिधान, हैंडलूम उत्पाद, आभूषण, घरेलू शिल्प, खेल एवं मनोरंजन शामिल थे। इन स्टॉलों ने स्थानीय प्रतिभाओं और महिला उद्यमियों को अपनी कला एवं उत्पाद प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। क्लब द्वारा आयोजित नृत्य, मंच प्रदर्शन, प्रतियोगिताएं और इंटरएक्टिव गेम्स ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए आयोजित विशेष गतिविधियों ने मेले की रोचकता और सहभागिता को और अधिक बढ़ाया। इस वर्ष का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावशाली रहा। कार्यक्रम के समापन पर लेडीज़ क्लब की पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों और बालको प्रबंधन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सामुदायिक भावना को मजबूत करने वाले कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button