क्राइम

Thief Gang : जनगणना अधिकारी बनकर पहुंची पुलिस…! फिर 300 KM पीछा कर दबोचा करोड़ों की चोरी गैंग का सरगना…20 लाख की संपत्ति और लग्जरी कार जब्त

दिल्ली में 15 दिन तक चला गुप्त ऑपरेशन

दुर्ग, 25 मई। Thief Gang : छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और चंडीगढ़ के कई जिलों में करोड़ों की चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सरगना को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने दिल्ली में 15 दिनों तक गुप्त कैंप लगाया और जनगणना अधिकारी बनकर घर-घर जाकर उसकी तलाश की। आखिरकार आरोपी को बिहार भागते समय यमुना एक्सप्रेस-वे पर करीब 300 किलोमीटर तक पीछा कर दबोच लिया गया।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं गैंग के सदस्य

दरअसल मई महीने में नेहरू नगर, सुपेला, पदमनाभपुर और भिलाई थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों का पुलिस ने खुलासा किया था। इस मामले में 17 मई को मेरठ निवासी हासिम खान और चोरी का जेवर खरीदने वाले ज्वेलरी कारोबारी सलीम खान को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों से करीब 60 लाख रुपये का चोरी का सोना बरामद किया गया था। मामले में गैंग का सरगना नासिर हुसैन फरार चल रहा था।

दिल्ली में 15 दिन तक चला गुप्त ऑपरेशन

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शाहीन बाग, मदनपुर खादर और नोएडा के घनी आबादी वाले इलाकों में लगातार ठिकाना बदलकर छिप रहा है। इसके बाद एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने सिविल ड्रेस में स्थानीय लोगों के बीच रहकर जानकारी जुटाई। टीम ने बकरा विक्रेताओं के साथ रहकर इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

जनगणना अधिकारी बनकर जुटाई जानकारी

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जनगणना अधिकारी का रूप धारण किया और घर-घर जाकर जानकारी जुटाई। करीब एक सप्ताह तक चले इस गुप्त अभियान के बाद पुलिस को आरोपी के मूवमेंट की अहम जानकारी मिली।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी

इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई कार से बिहार के दरभंगा भाग रहा है। पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर करीब 150-160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भाग रही कार का लगभग 300 किलोमीटर तक पीछा किया और आगरा रोड क्षेत्र में आरोपी को पकड़ लिया।

कई राज्यों में चोरी करना कबूला

पूछताछ में आरोपी नासिर हुसैन ने 2019 से भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और भिलाई समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर डायमंड नेकलेस, सोने-चांदी के जेवर, चांदी के सिक्के, नगदी, महंगे कपड़े और एक किआ सेलटॉस कार समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button