Korba: नो एंट्री में घुसे ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, मौत… अब ट्रैफिक जवान पर हत्या का मामला दर्ज करने की हो रही चर्चा…
प्रतिबंधित समय में शहर में कैसे घुसा ट्रक? हादसे के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की चर्चा
कोरबा।Korba No Entry Accident शहर के सबसे व्यस्त सीएसईबी चौक में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नो एंट्री के दौरान शहर में घुसे एक ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अब ट्रक चालक के साथ-साथ नो एंट्री व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे ट्रैफिक जवानों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। लोगों ने ड्यूटी पर तैनात जिम्मेदार कर्मियों पर भी कार्रवाई और हत्या का अपराध दर्ज करने की मांग उठानी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG 04 MS 2996 प्रतिबंधित समय में शहर के भीतर प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 12 AX 0386 ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक का पैर बुरी तरह कुचल गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर सीधे सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंच गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर में नो एंट्री व्यवस्था लागू है तो भारी वाहन आखिर अंदर पहुंचा कैसे? क्या ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवानों ने ट्रक को बिना जांच के प्रवेश करने दिया, या फिर नियमों की अनदेखी की गई? यदि नो एंट्री का पालन कराने की जिम्मेदारी संबंधित ट्रैफिक अमले की थी, तो इस चूक की जवाबदेही किसकी होगी?
हादसे के बाद शहर में यह मांग भी उठने लगी है कि यदि जांच में ट्रैफिक ड्यूटी में लापरवाही सामने आती है तो केवल ट्रक चालक ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार ट्रैफिक कर्मियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से ट्रैफिक जवान पर हत्या का अपराध दर्ज करने संबंधी कोई आधिकारिक निर्णय या पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय होगी।






