Breaking

Horrific Accident in Nashik : भीषण सड़क हादसा…! गहरी खाई में गिरी इनोवा…एक ही परिवार के 6 की लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

भावरी झरने के पास टूटी सुरक्षा बाधा

महाराष्ट्र, 08 दिसंबर। Horrific Accident in Nashik : महाराष्ट्र के नासिक जिले में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। सप्तश्रृंगी देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की इनोवा कार अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठी और 600 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में वाहन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर MH 15 BN 0555 बताया गया है।

भावरी झरने के पास टूटी सुरक्षा बाधा

राजस्व विभाग से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तब हुआ जब कार सप्तश्रृंगी घाट क्षेत्र में भावरी झरने के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन सड़क किनारे लगी सुरक्षा बाधा को तोड़ता हुआ सीधे गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और किसी को बचने का मौका भी नहीं मिला।

एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत

पिंपलगांव बसवंत के रहने वाले एक ही परिवार के छह लोगों की इस हादसे में मौत हो गई। मरने वालों की पहचान कीर्ति पटेल (50), रशिला पटेल (50), विट्ठल पटेल (65), लता पटेल (60), पचन पटेल (60), और मणिबेन पटेल (70) के तौर पर हुई है। परिवार की एक साथ मौत की खबर से गांव और इलाके में मातम छा गया है।

अंधेरा और गहरी खाई ने रोका रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही सप्तश्रृंगी गड पुलिस और वाणी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। खाई की अत्यधिक गहराई और क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण राहत कार्य बेहद मुश्किल रहा। नासिक से विशेष बचाव दल को भी बुलाया गया। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन और पंचनामा चलता रहा।

सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

सप्तश्रृंगी देवी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। छुट्टियों के कारण घाट मार्ग पर ट्रैफिक भी अधिक रहता है। ऐसे में इस हादसे ने घाट मार्गों की सुरक्षा, सड़क किनारे की रेलिंग और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button