कोरबा

Sand Mafia : रेत माफियाओं पर तड़के बड़ा एक्शन…! 7 ट्रैक्टर जब्त…बिना नंबर प्लेट और रॉयल्टी के हो रहा था खेल

कोरबा में अवैध रेत खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, सुबह-सुबह मची हड़कंप

कोरबा, 06 जून। Sand Mafia : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। बरपाली क्षेत्र के चिचोली और भैंसामुड़ा रेत घाटों में की गई इस दबिश के बाद रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि बरसात शुरू होने से पहले बड़े पैमाने पर अवैध रेत का भंडारण और परिवहन किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर जिला प्रशासन की विशेष टीम ने तड़के सुबह दोनों घाटों में छापा मारा।

चिचोली और भैंसामुड़ा घाट में दबिश

कार्रवाई के दौरान चिचोली रेत घाट से 4 और भैंसामुड़ा रेत घाट से 3 ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों में अवैध रूप से रेत भरी हुई थी और उसका परिवहन किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि कई ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी, बिना नंबर प्लेट और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे थे। इतना ही नहीं, कई चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी जरूरी कागजात भी नहीं मिले।

नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए प्रशासन ने सभी वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरसात से पहले सक्रिय हुए रेत माफिया

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्यों में बढ़ती मांग का फायदा उठाकर रेत माफिया नदियों से चोरी-छिपे रेत निकाल रहे थे। अवैध खनन के जरिए रेत का स्टॉक तैयार किया जा रहा था ताकि बारिश के दौरान ऊंचे दामों पर बिक्री की जा सके।

सुबह-सुबह की रेड से मचा हड़कंप

इस कार्रवाई में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और कोटवार शामिल रहे। प्रशासन ने इतनी गोपनीय तरीके से दबिश दी कि रेत तस्करों को भनक तक नहीं लगी और कई वाहन मौके पर ही पकड़े गए।

प्रशासन का सख्त संदेश

जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को भी अवैध रेत कारोबार पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button