छत्तीसगढ़

Jashpur Development : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जशपुर को बड़ी सौगात…! जशपुर की 4 सड़कों के लिए 12.69 करोड़ मंजूर

ग्रामीण विकास को रफ्तार, जशपुर को नई सड़कें

रायपुर, 18 दिसंबर। Jashpur Development : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के सर्वांगीण विकास को गति देते हुए जिले की चार प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 12 करोड़ 69 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा, आवागमन सुगम बनेगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। मुख्यमंत्री की इस जनहितकारी पहल पर जशपुरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया है।

स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में कंडोरा से आराकोना (3 किमी) के लिए 3.86 करोड़ रुपये, माडो से ढेंगनी (3 किमी) के लिए 3.77 करोड़ रुपये, चराईडांड के मलेरिया बस्ती से एनएच-43 तक (1.9 किमी) के लिए 2.20 करोड़ रुपये तथा बेहराखार अटल चौक से कुरूमढ़ोड़ा (2.86 किमी) मार्ग के लिए 3.76 करोड़ रुपये शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और लोगों को व्यापार, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी।

दो वर्षों में 1000 करोड़ से अधिक की सड़क सौगात

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के दो वर्ष के कार्यकाल में जशपुर जिले को सड़क निर्माण के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इससे जिले का बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ है और ग्रामीण अंचलों के विकास को नई दिशा मिली है। आदिवासी बहुल इस जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है।

इस सौगात पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इन सड़कों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन की संभावनाएं भी सशक्त होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के हर कोने तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है, जिससे आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button