Lightning Strike : खेत में धान रोपाई के दौरान काल बनकर गिरी बिजली…! 3 मजदूरों की मौके पर मौत…गांव में मातम
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कटघोरा/छुरी, 25 जुलाई। Lightning Strike : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को बारिश के बीच खेत में काम कर रहे मजदूरों पर मौत बनकर आकाशीय बिजली गिरी। धान रोपाई में जुटे तीन ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित सलोरा बकरा बाजार के पास सब-स्टेशन के पीछे खेत में 25 से 30 ग्रामीण धान रोपाई कर रहे थे। तभी अचानक मौसम बदला, तेज गर्जना हुई और खेत की मेड़ पर बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद साथी मजदूर तीनों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत से छुरी और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






