Leader Of Opposition : कोरबा में डॉ. चरणदास महंत का भाजपा सरकार पर तीखा हमला…! धान खरीदी से वोटर लिस्ट तक गड़बड़ी का आरोप
खनिज, किसान और लोकतंत्र पर वार: कोरबा में भाजपा को घेरा
कोरबा, 05 फरवरी। Leader Of Opposition : नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। कोरबा स्थित तिलक भवन प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। डॉ. महंत ने कहा कि भाजपा के दो वर्षों के शासन में प्रदेश की जनता त्रस्त है और सरकार हर मोर्चे पर नियंत्रण खो चुकी है।
खनिज संपदा उद्योगपतियों को सौंपने का आरोप
डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की बहुमूल्य खनिज संपदा को उद्योगपतियों के हवाले करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हीरा और सोना जैसी खनिज संपदा को निकालने की जल्दबाजी समझ से परे है। बस्तर और सरगुजा में आदिवासियों के विस्थापन का दौर चल रहा है ताकि अडानी जैसे बड़े औद्योगिक समूहों के लिए रास्ता साफ किया जा सके।
“रिमोट कंट्रोल से चल रही है सरकार”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर टिप्पणी करते हुए डॉ. महंत ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से अच्छे इंसान हैं, लेकिन सरकार उनके हाथ में नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पीछे से कौन चला रहा है, यह खोज का विषय है। धान खरीदी से लेकर विभागीय भर्तियों तक भारी गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए उन्होंने प्रशासनिक पकड़ कमजोर होने की बात कही।
किसानों के साथ धोखाधड़ी का आरोप
धान खरीदी को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज भी सैकड़ों किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र में भी अव्यवस्था फैली हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि, सत्यापन के नाम पर किसानों से पैसे मांगे जा रहे हैं, बैंकों से अपनी ही जमा राशि निकालने पर कमीशन लिया जा रहा है, मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है।
वोटर लिस्ट में हेरफेर का दावा
डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता ‘एसआईआर’ कार्यक्रम के जरिए मतदाता सूची से नाम कटवा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हर बूथ से एक विशेष संप्रदाय के करीब 200 नाम हटाने के निर्देश दिए गए हैं, जो लोकतंत्र के लिए घातक है।
भाजपा कार्यालय पर कटाक्ष
कोरबा में भाजपा के नए आलीशान कार्यालय पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में इतनी ‘उगाही’ की गई है कि अब बड़े-बड़े भवन बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है—एक ओर हिंदुत्व का दावा और दूसरी ओर शंकराचार्य का अपमान।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरीश परसाई, विधायक फूलसिंह राठिया, जिला शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, जिला ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।



