
कोरबा। Korba Breaking भाजपा नेता पर हुए प्राणघातक हमले के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिससे इलाके में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले में रज्जाक अली का नाम सामने आने के बाद प्रशासन ने उसके मकान से जुड़े दस्तावेजों और निर्माण की वैधता की जांच की। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत और कथित रूप से अवैध पाए जाने पर नगर निगम और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान, प्रशासनिक अधिकारी और निगम का अमला मौके पर तैनात रहा। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। सूत्रों के अनुसार, रज्जाक अली से जुड़े अन्य मामलों और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो आगे भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
इस बुलडोजर कार्रवाई के बाद पूरे शहर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोग इसे हालिया हमले के बाद प्रशासन की बड़ी और सख्त कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं।






