
कोरबा। Bango Dam Youth Jumped Into Water मिनीमाता हसदेव बांगो बांध इन दिनों उफान पर है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बांध के सात गेट खोलकर करीब 25 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इसी बीच शनिवार को बांध से जुड़ी एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ा दिए।
पाली थाना क्षेत्र के चैतमा निवासी रंजीत यादव अपने तीन दोस्तों के साथ बांगो बांध का नजारा देखने पहुंचा था। चारों दोस्त गार्डन के पास हंसी-मजाक करते हुए बांध का नजारा देख रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ ऐसा हुआ कि तीनों दोस्त रंजीत से कुछ दूरी पर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोस्तों के दूर जाते ही रंजीत गार्डन की रेलिंग पर चढ़ गया और देखते ही देखते बांध के खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ देर तक पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों को उम्मीद थी कि वह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आएगा। लेकिन कुछ ही देर बाद वह पानी की तेज धार में नजरों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना तत्काल बांगो पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश व आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
आखिर छलांग लगाने से पहले क्या हुआ था?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर रंजीत ने अचानक इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? तीनों दोस्त उससे दूर क्यों गए थे? क्या उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी या फिर रंजीत किसी अन्य वजह से परेशान था?
इन सवालों का जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रंजीत के तीनों दोस्तों से पूछताछ कर रही है। घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने रंजीत के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं बांध में पानी का तेज बहाव होने के कारण तलाश अभियान भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। घटना के बाद बांगो बांध परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी काफी देर तक दहशत का माहौल रहा।















