BreakingFeaturedकोरबाक्राइम

Korba Big Breaking: स्वतंत्रता दिवस पर बंदूक की नोक पर LPG सिलेंडर लूट, सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल

कोरबा, 15 अगस्त।Korba LPG Cylinder Loot  स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह कोरबा के दर्री क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने गैस सिलेंडर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। करीब सुबह 4 बजे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) गेट के सामने स्कॉर्पियो सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने LPG सिलेंडर से भरे ट्रक को रोक लिया और चालक की कनपटी पर कथित तौर पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी।

चालक के मुताबिक बदमाशों के पास बंदूक के साथ तलवार भी थी। हथियारों के डर से चालक ने विरोध नहीं किया। इसके बाद बदमाशों ने ट्रक से सात भरे हुए LPG सिलेंडर उतारे और स्कॉर्पियो में लोड कर मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि ट्रक IOC से गैस सिलेंडर लेकर बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक को निशाना बनाया। सभी आरोपियों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।

वारदात की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही ट्रक चालक से पूछताछ कर बदमाशों और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तड़के हुई इस हथियारबंद लूट ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में बदमाशों द्वारा बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिए जाने से लोगों में दहशत है।

फिलहाल दर्री पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button