Featuredदेशराजनीति

Jharkhand Politics: जयराम महतो का नया राजनीतिक दांव, JLKM ने बनाया ‘सवर्ण मोर्चा’, संगठन में कई अहम नियुक्तियां

धनबाद। JLKM Swarn Morcha झारखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान बना रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने एक नया राजनीतिक दांव खेलते हुए पार्टी में ‘सवर्ण मोर्चा’ का गठन किया है। इस कदम को राज्य की राजनीति में नए सामाजिक समीकरण बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

अब तक प्रदेश के अधिकांश राजनीतिक दल ओबीसी, एसटी-एससी, महिला, युवा और अल्पसंख्यक वर्गों के लिए अलग-अलग मोर्चे बनाकर संगठन को मजबूत करते रहे हैं। लेकिन सवर्ण समाज के लिए अलग मोर्चा बनाने की पहल कम ही देखने को मिली है। ऐसे में JLKM का यह फैसला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

संगठन विस्तार के तहत जारी सूची के अनुसार राजदेश रतन और विजय कुमार सिंह को सवर्ण मोर्चा का संरक्षक बनाया गया है। शंकर शर्मा को मोर्चा का केंद्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं विद्यासागर झारिया, बलराम झा, सोमनाथ शेखर, मनोज कुमार सिंह, चंदन मिश्रा और सुशांत बनर्जी को महासचिव बनाया गया है।

सचिव पद की जिम्मेदारी विवेकानंद शर्मा, श्याम लोचन सिंह, परवीन सिंह चौधरी और आशीष सिंह चौधरी को दी गई है। रतन लाल को कोषाध्यक्ष तथा महेश दुबे को प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

महिला नेतृत्व को भी संगठन में अहम स्थान देते हुए डिंपल चौबे को केंद्रीय सवर्ण मोर्चा महिला अध्यक्ष बनाया गया है।

पार्टी नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन का विस्तार करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने का संकल्प लिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि JLKM का यह कदम आगामी चुनावी रणनीति और नए सामाजिक समीकरणों को साधने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button