Uncategorized

Bilaspur Sarafa Mahasammelan 2026: जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क और स्वर्णकला बोर्ड की मांग को मिला बल

बिलासपुर। Bilaspur Sarafa Mahasammelan 2026 छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की तृतीय आमसभा के अवसर पर बिलासपुर के मंगला स्थित रामदेव लॉन में आयोजित ‘सराफा महासम्मेलन 2026’ सामाजिक एकजुटता और व्यापारिक हितों का बड़ा मंच बनकर सामने आया। “2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल” थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों सराफा व्यापारी शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधायक धर्मलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक कृष्ण कुमार बांधी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सराफा व्यापार से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने राज्य सरकार द्वारा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के लिए भूमि आवंटन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बिलासपुर में भी जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित करने तथा स्थानीय कारीगरों और पारंपरिक स्वर्णकारी व्यवसाय के संरक्षण के लिए स्वर्णकला बोर्ड के गठन की मांग रखी। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

 

सम्मेलन में सराफा व्यापारियों ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 से जुड़े प्रावधानों के सरलीकरण की मांग भी उठाई। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने व्यापारियों की समस्याओं पर संबंधित विभाग से चर्चा कर समाधान निकालने का भरोसा दिलाया।

 

कार्यक्रम के दौरान सराफा व्यापार से जुड़े संस्थापकों, पूर्व पदाधिकारियों और विभिन्न जिला इकाइयों का सम्मान किया गया। साथ ही BIS और GST अधिकारियों द्वारा आयोजित कार्यशाला में हॉलमार्किंग, कर व्यवस्था और नए नियमों पर व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

 

सम्मेलन के समापन अवसर पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सराफा व्यापारियों की एकजुटता प्रदेश के व्यापारिक विकास के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बिलासपुर के विकास और व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

 

सामाजिक सरोकारों को भी सम्मेलन में प्रमुखता दी गई। साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के सहयोग से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 50 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोग किया जाएगा।

 

इस आयोजन को सफल बनाने में जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष आलोक सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय तथा प्रदेश सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सभी क्षेत्रीय इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button