Road Blockade : गरियाबंद में ड्राइवर महासंगठन का चक्काजाम…! शराबबंदी सहित 10 मांगों को लेकर आंदोलन तेज…यहां देखें VIDEO
आज से अनिश्चितकालीन चक्काजाम
गरियाबंद, 25 अक्टूबर। Road Blockade : छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने अपनी 10 प्रमुख मांगों को लेकर आज से अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे 130C के डोहेल के पास बड़ी संख्या में ड्राइवर और ट्रक ऑपरेटर एकत्र हुए हैं।
महासंघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रमुख मांगों में छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी लागू करने, ड्राइवरों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ, बीमा सुविधा, और न्यायपूर्ण वेतन ढांचा शामिल हैं।
आंदोलन के तहत ड्राइवरों ने आज से ‘स्टेयरिंग न थामने’ का ऐलान किया है। इसके चलते कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हाईवे पर ट्रकों की लंबी कतारें लगने की खबरें सामने आ रही हैं।
ड्राइवर महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार से कई बार संवाद के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, इसलिए अब यह कदम उठाना पड़ा है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।



