Cyber Fraud : बिलासपुर में साइबर ठगी का नया खेल…! ‘आप पोर्न वीडियो देखते हैं…’ एक कॉल ने शिक्षिका से ठग लिए ₹76,900…जानिए कैसे हुआ साइबर फ्रॉड
QR Code से ऐंठी रकम
बिलासपुर, 11 जुलाई। Cyber Fraud : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक शिक्षिका को बदनाम करने की धमकी देकर ₹76,900 की ठगी कर ली। ठग ने फोन कर दावा किया कि उनके मोबाइल से अश्लील (पोर्न) वीडियो देखे गए हैं और यदि पैसे नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी। डर और सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने की कोशिश में शिक्षिका ठगों के जाल में फंस गईं।
फोन पर दी बदनामी और नौकरी जाने की धमकी
पीड़िता के अनुसार, 4 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सुनील बताते हुए कहा कि उनके मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो देखे गए हैं। उसने धमकी दी कि मामला सार्वजनिक होने पर उनकी नौकरी और सामाजिक प्रतिष्ठा दोनों खतरे में पड़ जाएंगी।
QR Code भेजकर कई किश्तों में वसूले पैसे
धमकी से घबराई शिक्षिका से ठग ने PhonePe के जरिए अलग-अलग QR Code स्कैन कराकर कई किश्तों में कुल ₹76,900 ट्रांसफर करा लिए।
1930 हेल्पलाइन से बच गए ₹28,993
ठगी का एहसास होने पर शिक्षिका ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। त्वरित कार्रवाई के चलते बैंकिंग सिस्टम के माध्यम से ₹28,993 की राशि होल्ड करा दी गई, जिससे वह रकम ठगों तक पहुंचने से बच गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खाते और डिजिटल ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
साइबर पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो वायरल करने की धमकी या पुलिस कार्रवाई के नाम पर पैसे मांगने वालों पर भरोसा न करें। ऐसे मामलों में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें।






