Journalist Assault : बिलासपुर में पत्रकार से मारपीट…! आरक्षक समेत दो पर FIR…SSP ने लिया तुरंत एक्शन
पेट्रोल पंप पर बाइक टक्कर बनी बवाल
बिलासपुर, 08 जुलाई। Journalist Assault : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरक्षक समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर न केवल आपराधिक मामला दर्ज किया गया, बल्कि नामजद आरक्षक को विभागीय कार्रवाई के तहत पुलिस लाइन अटैच भी कर दिया गया।
पेट्रोल पंप पर बाइक टक्कर के बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 8 बजे पत्रकार शिवा गोरख अंबा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी सतीश ताती मोटरसाइकिल से निकलते समय उनसे टकरा गया। आरोप है कि टक्कर के बाद सतीश ताती और उसके साथ मौजूद आरक्षक अभिषेक बख्श ने पत्रकार के साथ गाली-गलौज की और कथित रूप से मारपीट की।
SSP के निर्देश पर तुरंत दर्ज हुई FIR
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद तारबाहर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आरक्षक पुलिस लाइन अटैच
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरक्षक अभिषेक बख्श, जो फिलहाल 15 दिन की छुट्टी पर है, उसे विभागीय कार्रवाई के तहत पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।






