Five Star Rating : SECL ने रचा इतिहास…! एक साथ 5 खदानों को मिली 5-Star Rating…उत्कृष्ट खनन के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

News Power Zone
3 Min Read
Five Star Rating

बिलासपुर, 09 जुलाई। Five Star Rating  : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने सुरक्षित, वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल खनन के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा जारी प्रतिष्ठित स्टार रेटिंग में SECL की पांच खदानों को एक साथ 5-Star Rating मिली है। यह उपलब्धि कंपनी के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है और इससे देश में जिम्मेदार एवं सतत खनन के क्षेत्र में SECL की मजबूत पहचान और सुदृढ़ हुई है।

इन 5 खदानों को मिला सर्वोच्च सम्मान

कोयला मंत्रालय ने जिन खदानों को 5-Star Rating से सम्मानित किया है, उनमें शामिल हैं- बंगवार भूमिगत खदान (सोहागपुर क्षेत्र), खैराहा भूमिगत खदान (सोहागपुर क्षेत्र), बेहराबांध भूमिगत खदान (जोहिला क्षेत्र), विजय वेस्ट भूमिगत खदान (हसदेव क्षेत्र), जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना (भटगांव क्षेत्र), इनमें जगन्नाथपुर इस वर्ष SECL की एकमात्र ओपनकास्ट परियोजना है, जिसे 5-Star Rating मिली है।

किन मानकों पर मिलता है 5-Star Rating?

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली में खदानों का मूल्यांकन कई महत्वपूर्ण मानकों पर किया जाता है, जिनमें- सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीक का उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक अनुपालन, सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR), परिचालन दक्षता, इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही 5-Star Rating प्रदान की जाती है।

CMD हरीश दुहन ने जताया गर्व

SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने कहा कि एक साथ पांच खदानों को 5-Star Rating मिलना पूरे SECL परिवार के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सुरक्षित, सतत और पर्यावरण-अनुकूल खनन कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उत्कृष्टता का यह सफर जारी रहेगा।

देश की ऊर्जा सुरक्षा में अहम भूमिका

SECL की यह उपलब्धि न केवल उसकी परिचालन दक्षता और सुरक्षा संस्कृति को दर्शाती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है। कोल इंडिया लिमिटेड की प्रमुख अनुषंगी कंपनी के रूप में SECL देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और आधुनिक खनन तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

Share This Article