
कोरबा, 10 जुलाई 2026। Korba SI Exam 2026 छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई 2026 (रविवार) को कोरबा जिले के 7 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी। जिले में इस परीक्षा में 2205 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने 4 जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। सभी ऑब्जर्वर, केंद्राध्यक्ष और उड़नदस्ता दल को ई.वी.पी.जी. कॉलेज, रजगामार रोड, कोरबा में प्रशिक्षण देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
अभ्यर्थियों को कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, ताकि मेटल डिटेक्टर और फिस्किंग जांच समय पर पूरी की जा सके।
केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी।
कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा।
इन सामानों पर रहेगा पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, संचार उपकरण, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
साथ लेकर जाएं ये जरूरी दस्तावेज
अभ्यर्थियों को अपने साथ:
मूल प्रवेश पत्र
आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र/पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड में से कोई एक मूल पहचान पत्र
दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो
ले जाना अनिवार्य होगा।
यदि अभ्यर्थी के नाम या उपनाम में प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के बीच अंतर है, तो संबंधित शपथ पत्र की मूल प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का उपयोग करने पर अभ्यर्थिता तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों में साइबर सुरक्षा और नकल रोकने के लिए जैमर भी लगाए जाएंगे।






