कोरबा

Family Dispute : कोरबा में सनसनीखेज घटना…! पारिवारिक विवाद में यूट्यूबर बेटी ने पिता की हसिया से हत्या

रलिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना

कोरबा, 10 फरवरी। Family Dispute : जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद के बाद एक यूट्यूबर बेटी ने अपने ही पिता की हसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट, पिता फिरत राम के रूप में हुई है। अशोक कुमार रलिया गांव में रहते थे, जबकि पिछले करीब आठ वर्षों से उनकी पत्नी और तीनों बेटियां कोरबा के आदिले चौक क्षेत्र में अलग रह रही थीं। बताया जा रहा है कि दो बेटियां निजी कंपनियों में कार्यरत हैं, जबकि एक बेटी पढ़ाई कर रही है।

सोमवार देर रात अशोक कुमार और उनकी बड़ी बेटी गीता केवट (27 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद गीता ने घर में रखे हसिया से पिता के गले पर वार कर दिया, जिससे अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और आगे की जांच शुरू की। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा पत्नी और बेटियों के चरित्र को लेकर आरोप लगाए जाते थे, जिससे परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। इसी पारिवारिक तनाव के चलते विवाद हिंसक रूप में बदल गया।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button