Bilaspur Murder : किन्नर तनु खान की गला दबाकर हत्या…! सड़क किनारे मिला शव…साथी किन्नरों पर शक…पुलिस जांच में जुटी
इलाके में सनसनी
बिलासपुर, 21 जुलाई। Bilaspur Murder : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक किन्नर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी गांव में सड़क किनारे एक किन्नर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तनु खान किन्नर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तनु खान के साथ पहले मारपीट की गई और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में साथी किन्नरों पर संदेह जताया जा रहा है, लेकिन अभी किसी भी आरोपी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।






