Power Company Recruitment : छत्तीसगढ़ में 1235 पदों पर बंपर भर्ती…! 400 Data Entry Operator और 300 Plant Attendant की वैकेंसी
रायपुर, 07 अगस्त। Power Company Recruitment : छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने 1235 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। यह राज्य गठन के बाद बिजली कंपनियों में अब तक की सबसे बड़ी भर्ती मानी जा रही है।
इन भर्तियों के माध्यम से जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में सहायक अभियंता (AE), कनिष्ठ अभियंता (JE), प्लांट अटेंडेंट, डेटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर, सुरक्षा विभाग, विधि विभाग और वित्त अधिकारी समेत कई पद भरे जाएंगे।
किस पद पर कितनी भर्ती?
- डेटा एंट्री ऑपरेटर (DEO): 400 पद
- प्लांट अटेंडेंट: 300 पद
- सहायक अभियंता (AE): 146 पद
- कनिष्ठ अभियंता (JE): 122 पद
- अन्य पदों पर भी बड़ी संख्या में भर्ती होगी।
कंपनीवार रिक्तियां
- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी: 547 पद
- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी: 96 पद
- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी: 415 पद
- कॉमन कैडर: 177 पद
वर्गवार पदों का विवरण
- द्वितीय श्रेणी: 189 पद
- तृतीय श्रेणी: 711 पद
- चतुर्थ श्रेणी: 335 पद
मुख्यमंत्री ने दिए भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती कर गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि इससे प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और बिजली व्यवस्था को भी आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी भर्ती
राज्य सरकार के अनुसार, छत्तीसगढ़ बनने के समय बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 18.91 लाख थी, जो अब बढ़कर 67 लाख हो गई है। वहीं बिजली की अधिकतम मांग 1334 मेगावाट से बढ़कर 7083 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। इसी बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए बड़े पैमाने पर भर्ती का निर्णय लिया गया है।
आवेदन कब से होंगे?
भर्ती से जुड़ी पात्रता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथि और विस्तृत विज्ञापन जल्द ही जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी सभी अपडेट छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।







