Rasuka Action : रासुका आरोपी को छुड़ाने की कोशिश से मचा हड़कंप…! पुलिस पर हमला…पालिका सभापति सहित 15 गिरफ्तार
जेल से छूटते ही रासुका के तहत हुई कार्रवाई
रायपुर, 07 अगस्त। Rasuka Action : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत गिरफ्तार किए जा रहे एक आदतन अपराधी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने की कोशिश के दौरान जमकर हंगामा हो गया। आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और रास्ता रोकने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने नगर पालिका सभापति समेत करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जेल से छूटते ही रासुका के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, लल्ला सोनवानी उर्फ टुम्मन 5 अगस्त 2026 को आबकारी अधिनियम के मामले में जेल से रिहा हुआ था। इसके अगले ही दिन 6 अगस्त को जिला दंडाधिकारी रायपुर ने उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA/RASUKA) के तहत कार्रवाई के आदेश जारी किए। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम उसे पकड़ने उसके घर पहुंची। आरोपी स्कॉर्पियो वाहन से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पीछा कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
अस्पताल से लेकर सड़क तक हाई-वोल्टेज ड्रामा
पुलिस आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी की मां, दोनों पत्नियां और अन्य समर्थक वहां पहुंच गए और पुलिस से बहस, धक्का-मुक्की व गाली-गलौज करने लगे।
मेडिकल के बाद जब पुलिस टीम आरोपी को रायपुर जेल ले जा रही थी, तब कुछ लोग स्कॉर्पियो और चार बाइक से पुलिस वाहन का पीछा करने लगे। आरोप है कि ग्राम पिपरौद के पास पुलिस वाहन को डंडों से रोकने की कोशिश की गई और दरवाजे खोलकर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया गया।
थाना और अधिकारियों को उड़ाने की धमकी का आरोप
प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पुलिसकर्मियों को झूठे मामलों में फंसाने, थाना घेरने, पेट्रोल बम से पुलिस वाहन जलाने और कलेक्टर-एसपी के बंगले उड़ाने जैसी गंभीर धमकियां भी दीं। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और आरोपी को सुरक्षित थाने लाया गया।
पालिका सभापति समेत 15 गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सभापति केकती सोनवानी समेत महिलाओं और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी कर रही है।
घटना के दौरान सीएसपी तुलसी लेकाम, एसडीएम रवि सिंह, थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे और सत्येंद्र सिंह श्याम सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।





